मुंबई।
हिंदी सिनेमा के दिग्गज फिल्म निर्देशक संजय लीला भंसाली को लेकर सोशल मीडिया पर फैली हार्ट अटैक की खबरें पूरी तरह अफवाह साबित हुई हैं। मंगलवार को उनके 63वें जन्मदिन के अवसर पर जहां फिल्म इंडस्ट्री और प्रशंसक उन्हें शुभकामनाएं दे रहे थे, वहीं अचानक इंटरनेट पर यह दावा वायरल हो गया कि जन्मदिन समारोह के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
वायरल संदेशों में कहा गया कि 24 फरवरी को जश्न के दौरान उन्हें दिल का दौरा पड़ा और मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, इन दावों पर जल्द ही विराम लग गया। भंसाली की टीम ने आधिकारिक बयान जारी कर स्पष्ट किया कि ये खबरें पूरी तरह झूठी और निराधार हैं। उन्होंने कहा कि भंसाली पूरी तरह स्वस्थ हैं और अपने आगामी प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हैं।
उल्लेखनीय है कि भंसाली भारतीय सिनेमा में अपनी भव्य और जीवन से भी बड़ी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने हम दिल दे चुके सनम, देवदास और बाजीराव मस्तानी जैसी चर्चित फिल्मों का निर्देशन किया है। हाल ही में वे वेब सीरीज हीरामंडी: द डायमंड बाज़ार के जरिए भी चर्चा में रहे।
टीम ने प्रशंसकों से अपील की है कि वे स्वास्थ्य को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही विश्वास करें।



