कोलकाता, 20 फरवरी।
अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम से संबद्ध पूर्वाचल कल्याण आश्रम अपना 43वां वार्षिकोत्सव आगामी रविवार, 22 फरवरी को प्रातः 10:30 बजे कला मंदिर प्रेक्षागृह में आयोजित करेगा। यह कार्यक्रम कोलकाता एवं हावड़ा महानगर इकाई के तत्वावधान में संपन्न होगा।
आश्रम पिछले 73 वर्षों (1952–2025) से जनजाति समाज के शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन और सामाजिक जागरूकता के माध्यम से उनके सर्वांगीण विकास में सक्रिय है। संस्था का मुख्य उद्देश्य जनजाति समाज को राष्ट्र की मुख्य विकास धारा से जोड़ना और उनकी सामाजिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रख्यात उद्योगपति एवं हरियाणा इंटरनेशनल स्कूल के चेयरमैन प्रमोद गुप्ता करेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में विश्व हिन्दू परिषद के केंद्रीय कोषाध्यक्ष एवं सुप्रसिद्ध नेत्र चिकित्सक डॉ. श्याम अग्रवाल उपस्थित रहेंगे। मुख्य वक्ता के रूप में फिल्म निर्देशक, लेखक और अभिनेता डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी (चाणक्य) अपने विचार साझा करेंगे।
कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में खाटू नरेश बाबा श्याम की कथा पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुति “हारे का सहारा – बर्बरीक श्याम हमारा” मंचित की जाएगी। इस प्रस्तुति का निर्देशन सुप्रसिद्ध सांस्कृतिक संस्था ‘मधुर्या’ की पुष्पा अग्रवाल द्वारा किया जाएगा।
आयोजकों ने नागरिकों से अपील की है कि वे कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित हों और जनजाति समाज के उत्थान हेतु चल रहे प्रयासों को प्रोत्साहित करें।



