पौड़ी गढ़वाल, 24 फरवरी।
पौड़ी गढ़वाल जनपद के सतपुली-बिलखेत क्षेत्र में 26 से 28 फरवरी तक आयोजित होने वाले ‘नयार वैली साहसिक उत्सव–2026’ को सफल बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की और सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तीन दिवसीय आयोजन को जनभागीदारी से जोड़ते हुए भव्य स्वरूप दिया जाएगा।
उन्होंने सभी विभागों को कार्यक्रम स्थल पर अपने-अपने स्टॉल अनिवार्य रूप से स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक सीधे पहुंच सके। साथ ही योजनाओं के लाभार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने को भी कहा, जिससे उन्हें मौके पर ही लाभ प्रदान किया जा सके।
स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के संबंध में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला को चिकित्सकों और स्वास्थ्य टीम की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आयोजन स्थल पर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया जाएगा। समाज कल्याण विभाग को दिव्यांगजन प्रमाण पत्र बनाने की व्यवस्था करने को कहा गया है।
पर्यटन विभाग को व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग, पोस्टर और बैनर लगाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक पर्यटक और स्थानीय लोग उत्सव में शामिल हो सकें। संस्कृति विभाग को सांस्कृतिक दलों की प्रस्तुति सुनिश्चित करने को कहा गया है, जिससे स्थानीय संस्कृति की झलक भी देखने को मिले।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने और किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं आमजन को भी आमंत्रित किया जाएगा।
बिलखेत क्षेत्र विकासखंड कल्जीखाल, एकेश्वर, द्वारीखाल और कोट का केंद्र है। संबंधित खंड विकास अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल और जिला युवा कल्याण अधिकारी रविंद्र सिंह फोनिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



