नई दिल्ली, 07 मार्च 2026।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च को कर्तव्य पथ पर शक्ति वॉक ‘शी लीड्स भारत’ का आयोजन किया जाएगा। केंद्र सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं भाग लेंगी। यह आयोजन महिलाओं के योगदान और सशक्तिकरण को सम्मान देने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
यह वॉक सुबह 7.30 बजे से 10.00 बजे तक आयोजित होगी। करीब 2 किलोमीटर लंबी यह पदयात्रा इंडिया गेट से विजय चौक तक कर्तव्य पथ पर निकाली जाएगी। इसमें 150 से अधिक मंत्रालयों, विभागों और संगठनों से जुड़ी लगभग 3000 महिलाएं शामिल होंगी। विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिलाएं इस कार्यक्रम का हिस्सा बनकर अपनी भूमिका को रेखांकित करेंगी।
कार्यक्रम में सशस्त्र बलों, पुलिस, मीडिया, स्वास्थ्य, खेल, उद्योग, सरकारी संस्थानों और जमीनी संगठनों से जुड़ी महिलाएं भाग लेंगी। प्रतिभागी ‘शी लीड्स भारत’ थीम के माध्यम से महिलाओं की नेतृत्व क्षमता को प्रदर्शित करेंगी।
इस वॉक का नेतृत्व महिला जनप्रतिनिधियों द्वारा किया जाएगा, जिनमें केंद्रीय मंत्री, राज्य मंत्री, सांसद, विधायक और विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख महिला हस्तियां शामिल होंगी। कार्यक्रम की शुरुआत गणमान्य व्यक्तियों के संक्षिप्त संबोधन से होगी और इसके बाद वॉक को हरी झंडी दिखाई जाएगी।
कर्तव्य पथ पर महिलाओं से जुड़ी सरकारी योजनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की उपलब्धियों को दर्शाने वाली प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इंडिया गेट पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होगा, जिसमें वंदे मातरम की सामूहिक प्रस्तुति के साथ डोल्लू कुनिथा, कलारिपयट्टू, श्रृंगारिमेलम, रणचंडी और घूमर जैसे पारंपरिक नृत्यों की प्रस्तुति दी जाएगी।



