हरिद्वार, 07 मार्च 2026।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को हरिद्वार के बैरागी कैंप पहुंचे, जहां उन्होंने उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। इस मौके पर उन्होंने 1,100 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार मिलकर उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि आज राज्य की एक अलग पहचान बन चुकी है और उत्तराखंड विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि आज भी करोड़ों रुपये की कई योजनाओं का लोकार्पण किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने 2000 नए पुलिस आरक्षियों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए। इसके साथ ही उन्होंने नागरिकता संशोधन कानून के तहत अन्य देशों से आए हिंदुओं को भारत की नागरिकता प्रमाण पत्र भी सौंपे। शाह ने भाजपा कार्यकर्ताओं को उत्तराखंड में तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने का संकल्प भी दिलाया और युवाओं को संबोधित करते हुए उन्हें मेरे जिगर के टुकड़े कहकर पुकारा।
इससे पहले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है और इसके लिए केंद्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार सहित पूरे प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अजय टमटा, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, तीरथ सिंह रावत, विजय बहुगुणा, डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज और प्रदेश अध्यक्ष व सांसद महेंद्र भट्ट सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।



