आसनसोल, 05 मार्च 2026।
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने आसनसोल में आयोजित परिवर्तन सभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में परिवर्तन यात्रा का कार्यक्रम चल रहा है। उनका कहना था कि पश्चिम बंगाल की जनता वर्तमान तृणमूल सरकार से परेशान हो चुकी है और अब राज्य में बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि बीते कई वर्षों से लोग इस सरकार को देखते हुए पीड़ा झेलते आ रहे हैं।
तृणमूल सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार पानी में पाए जाने वाले जोंक की तरह हो गई है, जो खून चूसकर मोटी हो जाती है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में वामपंथी सरकार के अत्याचारों से परेशान होकर जनता ने तृणमूल को सत्ता सौंपी थी। भाजपा भी वामपंथी शासन के अन्याय को समाप्त करना चाहती थी, लेकिन अब तृणमूल सरकार से भी जनता पूरी तरह त्रस्त हो चुकी है और उससे छुटकारा चाहती है। उन्होंने कहा कि 2011 में वामपंथ को हटाकर तृणमूल की सरकार बनी थी, लेकिन अब लोग इस सरकार में परिवर्तन चाहते हैं।

अर्जुन मुंडा ने कहा कि आजादी के शुरुआती 20 वर्षों तक पश्चिम बंगाल ने विनिर्माण और उद्योगों के क्षेत्र में देश का आर्थिक नेतृत्व किया था। लेकिन इसके बाद जब वामपंथी सरकार सत्ता में आई तो कई कल-कारखाने बंद हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि आज राज्य में गुंडागर्दी, लूट-खसोट और भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुका है। आम लोग अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सुबह जहां से रथ यात्रा निकली थी, वहीं परिवर्तन यात्रा के काफिले पर हमला भी हुआ, लेकिन इसके बावजूद जनता में उत्साह कम नहीं हुआ है और गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग इस यात्रा में शामिल हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने खनिज संपदा की लूट की है। साथ ही केंद्र सरकार से मिलने वाली राशि का भी कोई स्पष्ट हिसाब नहीं दिया जा रहा है। उनका कहना था कि राज्य के विकास के लिए पश्चिम बंगाल में परिवर्तन जरूरी है। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री सुभाष सरकार, शंकर चौधरी, पवन कुमार सिंह, कृष्णेन्दु मुखर्जी, प्रशांत चक्रवर्ती और बप्पा चटर्जी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


