रायपुर, 07 मार्च।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ की ओर से शनिवार को रायपुर के इंडोर स्टेडियम में ‘लखपति दीदी संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा करेंगे। इस अवसर पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के साथ पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहेंगे। प्रदेश के विभिन्न जिलों से हजारों की संख्या में लखपति दीदियां इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पहुंचेंगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इस दौरान स्व-सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं से सीधे संवाद करेंगे। वे उनकी सफलता की कहानियां सुनेंगे और यह जानने का प्रयास करेंगे कि शासन की विभिन्न योजनाओं से उनके जीवन में किस प्रकार सकारात्मक परिवर्तन आया है। यह कार्यक्रम महिलाओं के आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को साझा करने का एक महत्वपूर्ण मंच बनेगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ‘लखपति दीदी’ विषय पर आधारित कॉफी टेबल बुक और छत्तीसकला पर आधारित ब्रांड बुक का लोकार्पण करेंगे। साथ ही ‘लखपति दीदी ग्राम पोर्टल’ की भी शुरुआत की जाएगी। इन प्रकाशनों के माध्यम से स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की उपलब्धियों और आत्मनिर्भर बनने की प्रेरक कहानियों को व्यापक रूप से प्रस्तुत किया जाएगा।
इस अवसर पर राज्य के विभिन्न हिस्सों से आई उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्व-सहायता समूह की महिलाओं, कैडर्स और लखपति दीदियों को सम्मानित भी किया जाएगा। यह आयोजन महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार के प्रयासों को आगे बढ़ाने के साथ अन्य महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करेगा।



