रायपुर, 07 फरवरी।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शनिवार से छत्तीसगढ़ के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। वे शाम 4:40 बजे रायपुर पहुंचेंगे। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित प्रदेश के वरिष्ठ नेता उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद वे एक निजी होटल में ठहरेंगे।
रविवार को गृह मंत्री सुबह 11 बजे से विभिन्न बैठकों में हिस्सा लेंगे। दोपहर बाद नक्सलवाद को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित होगी, जो शाम 5 बजे तक चलेगी। बैठक में केंद्र और राज्य के अधिकारी सुरक्षा हालात और रणनीति पर चर्चा करेंगे। इसके बाद वे एक निजी कार्यक्रम में शामिल होकर रायपुर में ही रात्रि विश्राम करेंगे।
सोमवार को अमित शाह विशेष विमान से मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट (जगदलपुर) पहुंचेंगे। वहां से वे सड़क मार्ग से बस्तर पंडूम कार्यक्रम स्थल जाएंगे। दोपहर 12:05 बजे से शाम 4 बजे तक वे बस्तर पंडूम के समापन समारोह में भाग लेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाम 4:20 बजे जगदलपुर से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।



