रायपुर, 26 फरवरी।
छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र आज गुरुवार को चौथे दिन प्रवेश कर गया है। सदन की कार्यवाही प्रश्नकाल से शुरू होगी, जिसमें उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और मंत्री गुरु खुशवंत विधायकों के सवालों के जवाब देंगे।
आज के सत्र में वित्त वर्ष 2026-27 के बजट पर चर्चा की शुरुआत भी होगी। प्रश्नकाल के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री और पाटन विधायक भूपेश बघेल कस्टोडियल डेथ और जेलों में अधिक कैदियों की स्थिति पर सवाल उठाएंगे।
बीजेपी विधायक भावना बोहरा अधूरे सड़क निर्माण और विक्रम उसेंडी नक्सल पुनर्वास नीति के मुद्दे पर सरकार से जानकारी मांगेंगे। विधायक शकुंतला पोर्ते तकनीकी प्रशिक्षित युवाओं के रोजगार और धरमलाल कौशिक 108 एम्बुलेंस सेवा के टेंडर प्रक्रिया पर सवाल उठाएंगी।
रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जरिए शराब दुकानों और आहता आवंटन में पारदर्शिता की मांग करेंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्री केदार कश्यप और वित्त मंत्री ओपी चौधरी विभिन्न पत्र सदन में रखेंगे, जबकि विधायक अंबिका मरकाम और अन्य जनहित प्रस्ताव प्रस्तुत करेंगे।
सभापति विक्रम उसेंडी प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे, और मंत्री रामविचार नेताम अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़ा वर्ग कल्याण समिति के निर्वाचन से संबंधित प्रस्ताव सदन में पेश करेंगे।



