नारनौल, 02 मार्च।
हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने वित्त वर्ष 2026-27 का बजट प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और बेटियों की सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि बजट में विशेष ध्यान किशोरियों और महिलाओं के स्वास्थ्य पर दिया गया है।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि वर्ष 2026-27 में लगभग तीन लाख 14 वर्षीय किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन के माध्यम से निशुल्क टीकाकरण किया जाएगा, जिससे भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से सुरक्षा मिलेगी। इसके अलावा, हर जिला और उप-मंडल अस्पताल में “स्वस्थ नारी सशक्त परिवार क्लिनिक” स्थापित किए जाएंगे, जो मातृ और शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार करेंगे।
आरती सिंह राव ने कहा कि यह बजट न केवल स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करेगा, बल्कि राज्य के अंतिम नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं पहुंचाने के संकल्प को भी साकार करेगा।



