नई दिल्ली, 14 फ़रवरी।
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने शनिवार को शाहदरा उत्तरी जोन के गौतमपुरी क्षेत्र में आयुष्मान आरोग्य मंदिर का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह केंद्र क्षेत्र के नागरिकों को सुलभ, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
सत्या शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में स्वास्थ्य सुविधाएं अब आमजन के द्वार तक पहुंच रही हैं। आयुष्मान आरोग्य मंदिर के माध्यम से स्थानीय निवासियों को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उनके अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध होंगी, जिससे उन्हें दूर स्थित अस्पतालों में जाने की आवश्यकता कम होगी।
स्थायी समिति अध्यक्ष ने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर में प्रत्येक नागरिक को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, आवश्यक दवाइयां, आधुनिक डायग्नोस्टिक सुविधाएं, कैंसर जांच, टीकाकरण और मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। यह पहल समाज के सभी वर्गों तक स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक सशक्त कदम है।
उन्होंने आगे कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जनकल्याणकारी सोच और दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम है। उनके विजन के अनुरूप ‘स्वस्थ भारत’ के संकल्प को साकार करने में ऐसे प्रयास महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
इस अवसर पर क्षेत्रीय उपायुक्त अभिषेक कुमार और निगम के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। उद्घाटन के दौरान नागरिकों ने इस नई स्वास्थ्य सुविधा की सराहना की और इसे क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता और सुलभता के लिए मील का पत्थर बताया।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर के जरिए स्वास्थ्य सेवाओं का यह नया अध्याय स्थानीय लोगों को समय पर और निःशुल्क सेवाएं प्राप्त कराने में सहायक सिद्ध होगा।



