सीवान, 26 फरवरी।
जिले की किशोरियों को गंभीर बीमारियों, खासकर गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से बचाने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाया जा रहा है। 28 फरवरी, शनिवार से एचपीवी गार्डासिल वैक्सीन टीकाकरण अभियान की शुरुआत होगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पटना स्थित इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस अभियान का विधिवत शुभारंभ करेंगे। जिले में पहले दिन सदर अस्पताल से 50 बालिकाओं को टीका दिया जाएगा। यह टीका 14 वर्ष की उम्र पूरी कर चुकी और 15 वर्ष से कम उम्र की किशोरियों के लिए है।
टीकाकरण के लिए अभिभावकों की सहमति अनिवार्य होगी। बालिकाओं को सहमति पत्र और जन्म तिथि प्रमाण पत्र (आधार या जन्म प्रमाण पत्र) प्रस्तुत करना होगा। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे समय पर अपनी बेटियों का टीकाकरण सुनिश्चित करें।
अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. अरविंद कुमार के अनुसार जिले के सभी 19 प्रखंडों के स्वास्थ्य केंद्रों, रेफरल अस्पतालों, महाराजगंज अनुमंडलीय अस्पताल और सदर अस्पताल में टीकाकरण किया जाएगा। पहले चरण में 20,880 बालिकाओं को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य है, जिसे तीन माह में पूरा किया जाएगा।
विशेषज्ञों के अनुसार, किशोरावस्था में दिया गया एचपीवी गार्डासिल टीका भविष्य में कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम कर देता है। यह अभियान न केवल स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में बड़ा कदम है, बल्कि “बेटी बचाओ, बेटी स्वस्थ बनाओ” के संकल्प को भी मजबूत करता है। जिले में इस ऐतिहासिक शुरुआत को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार है और जनभागीदारी की अपील की गई है।


