सीवान, 07 मार्च।
बिहार के सीवान जिले के जीरादेई थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक सड़क दुर्घटना में पुलिस गश्ती दल की थार गाड़ी पलट गई। इस हादसे में एक सब इंस्पेक्टर समेत तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक अन्य जवान सुरक्षित बच गया।
मिली जानकारी के अनुसार जीरादेई थाना क्षेत्र के खरगी रामपुर गांव के पास तिराहे पर रात करीब साढ़े बारह बजे पुलिस गश्ती दल की थार गाड़ी खड़ी थी। उसी समय पीछे से तेज रफ्तार में आए एक पिकअप वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि पुलिस की गाड़ी सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई।
हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। दुर्घटना में पूर्वी चंपारण के अमुआ निवासी राम निवास जायसवाल के पुत्र सब इंस्पेक्टर विवेक कुमार, जीरादेई थाना के चालक सुरेश कुमार और गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र के काला डुमरा गांव निवासी गृह रक्षक बल के जवान अशोक कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं गाड़ी में मौजूद एक अन्य जवान नंदलाल को मामूली भी चोट नहीं आई।
घटना की सूचना मिलने पर जीरादेई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।
घायल सब इंस्पेक्टर विवेक कुमार ने बताया कि वे लोग रात में गश्त के दौरान खरगी रामपुर तिराहे पर वाहन खड़ा कर निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आए पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। गाड़ी पलटने के बाद उन्होंने किसी तरह बाहर निकलकर अन्य साथियों को भी बाहर निकाला।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में चालक की लापरवाही से दुर्घटना होने की आशंका है।
फिलहाल पुलिस फरार पिकअप वाहन की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है।


