संपादकीय
07 Mar, 2026

सतपुड़ा की रानी का वैश्विक गौरव, पचमढ़ी को मिला हरित गंतव्य कांस्य सम्मान

पचमढ़ी को हरित गंतव्य कांस्य सम्मान मिला, सतत पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय संस्कृति के समन्वय से मध्यप्रदेश का पर्यटन विश्व स्तर पर पहचान बना रहा है।

मध्यप्रदेश की प्राकृतिक धरोहर और ‘सतपुड़ा की रानी’ के नाम से प्रसिद्ध पचमढ़ी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल कर प्रदेश का मान बढ़ाया है। जर्मनी के बर्लिन में आयोजित विश्व के प्रतिष्ठित पर्यटन आयोजन आईटीबी बर्लिन ट्रैवल मार्ट में पचमढ़ी को हरित गंतव्य कांस्य प्रमाणपत्र से सम्मानित किया गया है।

यह प्रमाणन नीदरलैंड स्थित संस्था ग्रीन डेस्टिनेशन्स फाउंडेशन द्वारा प्रदान किया जाता है, जिसे ग्लोबल सस्टेनेबल टूरिज्म काउंसिल से मान्यता प्राप्त है। इस सम्मान के साथ पचमढ़ी देश का पहला पर्वतीय पर्यटन स्थल बन गया है, जिसे यह अंतरराष्ट्रीय गौरव प्राप्त हुआ है। मध्यप्रदेश पर्यटन मंडल की ओर से उज्जैन के आयुक्त आशीष सिंह ने यह सम्मान ग्रहण किया।

यह उपलब्धि केवल एक पुरस्कार नहीं बल्कि उत्तरदायी और सतत पर्यटन की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है। मध्यप्रदेश में पर्यटन को पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय संस्कृति के साथ जोड़कर विकसित करने की नीति पर विशेष बल दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार उत्तरदायी पर्यटन की अवधारणा को लगातार मजबूत कर रही है। पर्यटन, संस्कृति और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने इस उपलब्धि को प्रदेश के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि पचमढ़ी को मिला यह सम्मान दर्शाता है कि पर्यटन विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय संस्कृति को भी समान महत्व दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि से पचमढ़ी को वैश्विक स्तर पर एक सतत पर्यटन गंतव्य के रूप में नई पहचान मिलेगी और विदेशी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनने की संभावनाएं और मजबूत होंगी।

मध्यप्रदेश पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक इलैयाराजा टी ने कहा कि यह सम्मान पचमढ़ी में किए जा रहे संरक्षण और प्रबंधन कार्यों की वैश्विक स्वीकृति है। उन्होंने बताया कि यहां धरोहर संरक्षण, कचरा प्रबंधन, पर्यावरण संतुलन, जलवायु संरक्षण और स्थानीय समुदाय की भागीदारी को प्राथमिकता दी गई है। यही कारण है कि पचमढ़ी अब देश के अन्य पर्वतीय पर्यटन स्थलों और पर्यावरण आधारित पर्यटन क्षेत्रों के लिए एक अनुकरणीय मॉडल के रूप में उभर रहा है।

हरित गंतव्य प्रमाणन प्राप्त करने के लिए पर्यटन स्थलों को कई कठोर अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरा उतरना पड़ता है। पचमढ़ी का चयन भी एक विस्तृत और सूक्ष्म मूल्यांकन प्रक्रिया के बाद किया गया। इस प्रक्रिया में गंतव्य प्रबंधन, प्राकृतिक परिदृश्य, पर्यावरण और जलवायु संरक्षण, संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण, सामाजिक कल्याण तथा पर्यटन से जुड़े व्यापारिक संचार जैसे छह प्रमुख विषयों के अंतर्गत 75 से अधिक मापदंडों पर परीक्षण किया गया। इस मूल्यांकन में पचमढ़ी ने 10 में से 6.5 अंक प्राप्त किए और लगभग 40 प्रतिशत वैश्विक सतत पर्यटन मानकों के अनुरूपता स्तर को हासिल किया।

इस उपलब्धि के पीछे मध्यप्रदेश पर्यटन मंडल की सुनियोजित पहल और निरंतर प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। नवंबर 2025 में पचमढ़ी में दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई थी, जिसमें पर्यटन विशेषज्ञों, स्थानीय हितधारकों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया। इसके बाद व्यापक स्तर पर क्षेत्रीय अध्ययन, जानकारी संकलन और दस्तावेज तैयार करने का कार्य किया गया। फरवरी 2026 में अंतरराष्ट्रीय परीक्षक द्वारा पचमढ़ी का स्थल निरीक्षण किया गया, जिसके बाद इसे हरित गंतव्य कांस्य प्रमाणन के लिए चयनित किया गया।

प्राकृतिक सौंदर्य, जैव विविधता और सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध पचमढ़ी लंबे समय से पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रहा है। अब हरित गंतव्य कांस्य सम्मान मिलने के बाद यह स्थान सतत पर्यटन के एक सफल उदाहरण के रूप में भी पहचान बना रहा है।

यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि यदि पर्यटन विकास को पर्यावरणीय संतुलन और सामाजिक भागीदारी के साथ आगे बढ़ाया जाए, तो पर्यटन न केवल आर्थिक विकास का माध्यम बन सकता है बल्कि प्रकृति और संस्कृति के संरक्षण का भी प्रभावी साधन बन सकता है। पचमढ़ी की यह उपलब्धि न केवल मध्यप्रदेश बल्कि पूरे देश के पर्यटन क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक है और आने वाले समय में भारत के अन्य पर्यटन स्थलों के लिए भी एक नई दिशा तय करती है।

|
आज का राशिफल

पूर्व नियोजित कार्यक्रम सरलता से संपन्न हो जाएंगे। जोखिम से दूर रहना ही बुद्घिमानी होगी। शुभ कार्यों की प्रवृत्ति बनेगी और शुभ समाचार भी मिलेंगे। किसी से कहा सुनी न हो यही ध्यान रहे। अपना कार्य दूसरों के सहयोग से बना लेंगे। लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। शुभांक-1-4-6

आज का मौसम

भोपाल

16° / 26°

Rainy

ट्रेंडिंग न्यूज़

तुर्किये ने उत्तरी साइप्रस में तैनात किए छह एफ-16 विमान

अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच संघर्ष के बीच तुर्किये ने उत्तरी साइप्रस में छह एफ-16 लड़ाकू विमान और वायु रक्षा प्रणाली तैनात कर इलाके की सुरक्षा मज़बूत की है।

कूनो राष्ट्रीय उद्यान में मादा चीता ज्वाला ने जन्म दिए पांच शावक

कूनो राष्ट्रीय उद्यान में नामीबियाई मादा चीता ज्वाला ने पांच शावकों को जन्म देकर भारत में चीतों की संख्या 53 कर दी।

पश्चिम एशिया संकट से रुपये का दबाव, 92.35 पर पहुंची मुद्रा

पश्चिम एशिया में तनाव और कच्चे तेल की तेजी के कारण रुपये डॉलर के मुकाबले अपने अब तक के सबसे निचले स्तर 92.35 पर पहुंच गया।

कर्तव्य पथ पर ‘शी लीड्स भारत’ शक्ति वॉक, 3000 महिलाएं लेंगी भाग

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं के सशक्तिकरण और नेतृत्व क्षमता को प्रदर्शित करने के लिए कर्तव्य पथ पर शक्ति वॉक का आयोजन होगा।

19 मार्च को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी रामलला के दर्शन, राम मंदिर निर्माण का अधिकांश कार्य पूरा

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 19 मार्च को राम मंदिर में दर्शन करेंगी और मंदिर परिसर में सुरक्षा और व्यवस्थाओं की विशेष योजना बनाई गई है।