रायपुर, 19 फ़रवरी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के निर्देश दिए हैं। इसी कड़ी में जशपुर जिले के मनोरा विकासखंड की ग्राम पंचायत मनोरा की पिंकी सोनी बिहान योजना के तहत महिला स्व-सहायता समूह से जुड़ी हैं। समूह से जुड़ने के बाद उन्हें शासन की योजनाओं की जानकारी मिली और आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाने का अवसर मिला।
पिंकी ने अपने किराना व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए पीएम मुद्रा लोन के तहत 70 हजार रुपये का लोन लिया और अपनी दुकान का विस्तार किया। दुकान बढ़ने से उनकी आय में वृद्धि हुई और ग्राहकों का भरोसा भी मजबूत हुआ।
पिंकी ने कहा कि समूह से जुड़ने के बाद उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया, उन्हें छत्तीसगढ़ शासन की योजनाओं की जानकारी मिली और आत्मनिर्भर बनने का आत्मविश्वास मिला। आज पिंकी अपने परिवार की मजबूत आर्थिक सहारा बन गई हैं और उन्होंने इस अवसर के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का धन्यवाद भी किया।



