नई दिल्ली, 02 मार्च 2026
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राजधानी में लखपति बिटिया योजना, होली–दीपावली पर मुफ्त गैस सिलेंडर योजना और सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड योजना का शुभारंभ किया।
इस दौरान 40,642 बेटियों के खातों में 100 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी गई। नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रही हैं।
वे सेना में देश की सीमाओं की रक्षा कर रही हैं, विज्ञान प्रयोगशालाओं में अनुसंधान कर रही हैं तथा खेल, राजनीति, समाज सेवा और व्यापार में भारत का गौरव बढ़ा रही हैं। इस अवसर पर दिल्ली के उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री और कई केंद्रीय तथा राज्य मंत्री भी मौजूद रहे।

राष्ट्रपति ने कहा कि महिलाओं को शिक्षित बनाना और उनका आत्मविश्वास बढ़ाना सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि बेटियों को यह भरोसा देना जरूरी है कि वे अपने सपनों को पूरा कर सकती हैं और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि राजधानी दिल्ली में देश के हर क्षेत्र के लोग रहते हैं, इसलिए यहां की महिलाओं का सशक्त होना पूरे देश के लिए प्रेरणा बनेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आत्मनिर्भर महिलाएं समाज और देश को नई दिशा देंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दिन दिल्ली के इतिहास में नारी शक्ति के लिए महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में दर्ज होगा। उन्होंने कहा कि यह केवल योजना शुरू करने का कार्यक्रम नहीं बल्कि सम्मान और विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जब बेटी सशक्त होती है तो परिवार मजबूत बनता है और जब महिला आत्मनिर्भर बनती है तो समाज आगे बढ़ता है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति ही विकसित दिल्ली की पहचान बनेगी।



