जींद, 07 मार्च।
हरियाणा के जींद जिले के सफीदों स्थित भाट कॉलोनी में होली के रंग बनाने वाली एक फैक्ट्री में शनिवार को भीषण आग लगने से चार महिलाओं की जलकर मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक मजदूर झुलस गए। बताया जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जिसने कुछ ही समय में पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया।
जानकारी के अनुसार फैक्ट्री का मुख्य गेट बंद होने के कारण अंदर काम कर रहे मजदूर बाहर नहीं निकल पाए और कई लोग आग तथा धुएं के बीच फंस गए। देखते ही देखते आग की लपटें और घना धुआं पूरे परिसर में फैल गया, जिससे वहां अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची। बचाव दल ने आग पर काबू पाने के साथ अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। गंभीर रूप से झुलसे मजदूरों को सफीदों और जींद के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पानीपत के अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।
जिला उपायुक्त मोहम्मद इमरान रजा और पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने घटनास्थल का दौरा कर राहत और बचाव कार्यों का जायजा लिया। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। साथ ही फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं और मुख्य गेट बंद होने के कारणों की भी जांच की जा रही है।



