भोपाल, 07 मार्च 2026।
बिलासपुर रेलखंड से कोयला लेकर बड़ोदरा जा रही एक मालगाड़ी के पांच डिब्बे शनिवार को मध्य प्रदेश के कटनी मुड़वारा स्टेशन के समीप पटरी से उतर गए। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचा है। हादसे के बाद कटनी-बिलासपुर और कटनी-शहडोल रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
जानकारी के मुताबिक शनिवार को बिलासपुर से कोयला लेकर एक मालगाड़ी बड़ोदरा के लिए रवाना हुई थी। सुबह लगभग 11 बजे जब यह मालगाड़ी एनकेजे से कटनी मुड़वारा की ओर बढ़ रही थी, तभी बाबा घाट के पास स्थित केबिन के नजदीक अचानक तेज आवाज के साथ एक के बाद एक पांच डिब्बे पटरी से उतर गए और कोयला ट्रैक पर फैल गया। लोको पायलट ने तुरंत ट्रेन को रोका और घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। फिलहाल ट्रैक की मरम्मत और पटरी से उतरे डिब्बों को वापस चढ़ाने का कार्य जारी है।
इस हादसे के कारण बिलासपुर-बीना रेलखंड पर कटनी से गुजरने वाली अप और डाउन लाइन की कई यात्री ट्रेनें प्रभावित हो गई हैं। कुछ ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से भेजा गया है, जबकि कुछ ट्रेनों को रोककर स्थिति सामान्य होने का इंतजार किया जा रहा है। यात्रियों की परेशानी को देखते हुए रेलवे द्वारा जल्द से जल्द ट्रैक बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मौके पर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद हैं और राहत कार्य की निगरानी कर रहे हैं।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार बिलासपुर रेलखंड से कोयला लेकर वेस्ट बड़ोदरा जा रही मालगाड़ी की पांच बोगियां न्यू कटनी जंक्शन के ए-केबिन के पास डीरेल हुई हैं। कटनी की एआरटी टीम मौके पर मरम्मत कार्य में जुटी है और जबलपुर से भी राहत दल बुलाया गया है। डिब्बों को काटकर अलग करने के साथ पटरी पर बिखरे कोयले को हटाने का कार्य किया जा रहा है। साथ ही डिब्बों में भरे कोयले को मजदूरों और मशीनों की मदद से खाली कराया जा रहा है, ताकि जल्द से जल्द ट्रैक को दुरुस्त कर रेल यातायात बहाल किया जा सके। रेलवे का प्रयास है कि प्रभावित ट्रेनों का संचालन शीघ्र शुरू कराया जाए।



