भोपाल, 09 मार्च।
मध्य प्रदेश में मार्च की शुरुआत से ही गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, महीने के पहले सप्ताह में अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग 3 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। मालवा-निमाड़ क्षेत्र के शहरों जैसे इंदौर और उज्जैन में पारा 39 डिग्री तक पहुंच गया।
प्रदेश के कई हिस्सों में रविवार को तेज धूप और गर्मी का असर रहा। रतलाम में अधिकतम तापमान 39 डिग्री, नर्मदापुरम 38.1 डिग्री, गुना और सागर 37.4 डिग्री, श्योपुर 37 डिग्री और उज्जैन 36.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इंदौर 35.8, भोपाल 34.8 और जबलपुर 34.4 डिग्री रहे। प्रदेश के अन्य शहरों में तापमान 32 डिग्री से ऊपर रहा।
मौसम विभाग के अनुसार इस बार हवा की दिशा में बदलाव और नमी की कमी के कारण गर्मी सामान्य से अधिक महसूस हो रही है। उत्तर-पश्चिम और पश्चिम दिशा से चल रही हवाएं और रेगिस्तानी क्षेत्र से आने वाली गर्म हवाएं तापमान बढ़ाने में मुख्य कारण हैं।
सामान्यतः मार्च के दूसरे पखवाड़े में गर्मी का असर दिखता है, लेकिन इस बार महीने की शुरुआत में ही तापमान में तेज़ी आई है। अगले चार-पाँच दिनों में अधिकतम तापमान में लगभग 4 डिग्री और बढ़ोतरी की संभावना है। विभाग का अनुमान है कि अप्रैल और मई में लू का असर रहेगा और लगभग 15 से 20 दिन तक हीट वेव की स्थिति बन सकती है।
मौसम विभाग ने प्रदेशवासियों को सावधानी बरतने की सलाह दी है और धूप से बचाव के लिए पर्याप्त जल का सेवन करने और आवश्यकतानुसार हल्के कपड़े पहनने की हिदायत दी है।



