भोपाल, 21 फरवरी।
मध्य प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। अगले चार दिनों तक प्रदेश में आंधी और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। शुक्रवार को साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन सक्रिय रहने के कारण 20 से अधिक जिलों में बारिश दर्ज की गई।
शनिवार को कई क्षेत्रों में बादल छाए रहे। 23-24 फरवरी को नए मौसम सिस्टम के प्रभाव से विशेषकर दक्षिण-पूर्वी जिलों में मौसम अधिक सक्रिय रह सकता है। पिछले तीन दिनों से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में तेज आंधी और बारिश का दौर जारी है। कुछ जिलों में ओलावृष्टि भी हुई। बीते 24 घंटों में भोपाल, रतलाम, मंदसौर, शाजापुर, धार, इंदौर, रायसेन, उज्जैन, सागर और छतरपुर समेत 20 से अधिक जिलों में वर्षा हुई।
तेज आंधी का असर फसलों पर भी पड़ा। रतलाम, शाजापुर और उज्जैन में गेहूं की फसलें आड़ी हो गईं, जिससे दानों की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा और मऊगंज में बारिश की संभावना है। आसपास के जिलों में भी मौसम में बदलाव रह सकता है।
जबलपुर में शुक्रवार देर रात हल्के बादल छाए रहे और वातावरण में नमी महसूस की गई। शनिवार सुबह कई हिस्सों में बूंदाबांदी हुई, जिससे मौसम सुहावना और ठंड का असर बढ़ गया। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 31 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।



