जयपुर, 09 मार्च।
राजस्थान में गर्मी का असर तेजी से बढ़ने लगा है और इस सीजन में पहली बार राज्य का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। रविवार को बाड़मेर और बालोतरा क्षेत्र में हीटवेव जैसी स्थिति देखने को मिली, जबकि जयपुर, अजमेर और कोटा सहित कई शहरों में तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार फिलहाल प्रदेश में गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। विभाग ने सोमवार और मंगलवार के लिए जैसलमेर, बाड़मेर और बालोतरा जिलों में हीटवेव की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही अगले सात दिनों में तापमान में और वृद्धि होने की संभावना भी जताई गई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान पिलानी और बाड़मेर प्रदेश के सबसे गर्म स्थान रहे। रविवार को पिलानी में अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि बाड़मेर में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
बाड़मेर और बालोतरा क्षेत्रों में सुबह से ही तेज धूप रही और दिन के समय हल्की से मध्यम लू चली, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। इन इलाकों में तापमान बढ़ने से जनजीवन भी प्रभावित हुआ।
इसके अलावा बीकानेर में अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं चूरू में 39.1, जैसलमेर में 39.2, जोधपुर में 38.8 और फलोदी में 38.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। इन क्षेत्रों में भी लू का असर महसूस किया गया।
राज्य के 15 से अधिक शहरों में रविवार को तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। पाली में 37.5, झुंझुनूं में 37.4, करौली में 36.6, फतेहपुर में 38.5, जालोर और डूंगरपुर में 37.3, श्रीगंगानगर में 37.4, उदयपुर में 36.3, कोटा में 36.7, सीकर और भीलवाड़ा में 36, अलवर में 36.2 तथा अजमेर में 37 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
राजधानी जयपुर में भी पिछले एक सप्ताह से तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। एक मार्च को जहां अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस था, वहीं रविवार को यह बढ़कर 37.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। शहर में सुबह से तेज धूप के कारण गर्मी का असर महसूस होने लगता है और यह स्थिति शाम तक बनी रहती है।
दिन के समय तेज धूप के कारण लोग अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। हालांकि शाम होते ही तापमान में थोड़ी गिरावट देखने को मिल रही है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिलती है।



