जयपुर, 07 मार्च।
राजस्थान में मार्च के शुरुआती दिनों में ही गर्मी ने तेज असर दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया जा रहा है। शुक्रवार को जैसलमेर और चित्तौड़गढ़ में पारा 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे दिन के समय तेज गर्मी महसूस की गई।
मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में पश्चिमी राजस्थान में गर्म हवाओं का प्रभाव बढ़ सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने बाड़मेर जिले के लिए नौ और दस मार्च को हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा जैसलमेर और बालोतरा समेत आसपास के क्षेत्रों में भी लू जैसी स्थिति बनने की संभावना जताई गई है।
प्रदेश के श्रीगंगानगर क्षेत्र में शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 9.4 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। वहीं जैसलमेर में तापमान सामान्य से 7.5 डिग्री, चूरू में 7.3, जयपुर में 6.7, बीकानेर में 6.9, जोधपुर और कोटा में 4.9, अजमेर में 5.6 तथा बाड़मेर में 5.1 डिग्री सेल्सियस ज्यादा मापा गया।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अरब सागर में सक्रिय एंटी साइक्लोन सिस्टम के कारण राजस्थान के साथ-साथ गुजरात, हरियाणा और मध्य प्रदेश में भी मौसम तेजी से गर्म हो रहा है। हालांकि दिन में तेज गर्मी के बाद रात के समय तापमान में गिरावट होने से लोगों को कुछ राहत मिल रही है।
शुक्रवार को कोटा, जयपुर और फलोदी को छोड़कर अधिकांश शहरों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। फतेहपुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
इसके अलावा सिरोही, उदयपुर, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, अलवर, करौली और दौसा में भी न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम साफ रहेगा और तापमान में लगातार बढ़ोतरी के साथ गर्मी का असर और तेज हो सकता है।



