जयपुर, 27 फरवरी।
राजस्थान में इस बार गर्मी ने तय समय से पहले ही दस्तक दे दी है। प्रदेश के कई जिलों में दिन का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के नजदीक पहुंच गया है। पश्चिमी जिलों के साथ-साथ अब पूर्वी, उत्तरी और दक्षिणी राजस्थान में भी तेज धूप के कारण दिन में गर्मी का असर साफ दिखाई देने लगा है।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार गुरुवार को जयपुर, अजमेर, उदयपुर, श्रीगंगानगर और कोटा समेत कई जिलों में अधिकतम तापमान 31 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। पश्चिमी राजस्थान में बाड़मेर में पारा 36.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि जैसलमेर, जोधपुर और बीकानेर में 34 से 35 डिग्री के बीच रहा। सीकर और सिरोही समेत अन्य शहरों में भी दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर रहा।
मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि आने वाले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से साफ रहेगा। अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने और गर्मी के और तेज होने की संभावना है। हालांकि, शाम के समय हल्की ठंडक लोगों को कुछ राहत दे रही है। गुरुवार को अधिकांश शहरों में न्यूनतम तापमान 15 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
विशेषज्ञों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में और वृद्धि के साथ गर्मी का असर और तेज रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा।



