जयपुर, 07 फरवरी।
राजस्थान में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। शुक्रवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज धूप निकलने से अधिकतम तापमान में करीब चार डिग्री सेल्सियस तक उछाल दर्ज किया गया। कई शहरों में पारा 32 डिग्री के पार पहुंच गया, जिससे दोपहर में हल्की गर्मी का एहसास हुआ। हालांकि सुबह और शाम के समय ठंड का असर बरकरार रहा।
मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। दिन में तेज धूप और रात व सुबह के समय ठंड का सिलसिला जारी रहेगा।
टोंक में शुक्रवार सुबह हल्का कोहरा छाया रहा, जबकि जैसलमेर, जोधपुर, बाड़मेर, जालोर, जयपुर, अजमेर और उदयपुर सहित अधिकांश जिलों में आसमान साफ रहा। दिन चढ़ने के साथ धूप की तीव्रता बढ़ती गई।
बाड़मेर में अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जालोर और पाली में 30 डिग्री, जैसलमेर में 29.6, जोधपुर में 29.8, डूंगरपुर और दौसा में 29.1, चित्तौड़गढ़ में 29.8, उदयपुर में 29 तथा बीकानेर में 28.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, टोंक, पिलानी, फलोदी और श्रीगंगानगर में भी पारा 27 डिग्री तक पहुंचा।
वहीं, सुबह के समय कड़ाके की ठंड दर्ज की गई। दौसा, करौली, फतेहपुर, नागौर और सीकर में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री से नीचे रहा। फतेहपुर और नागौर में सबसे कम 3.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।



