जयपुर, 26 फरवरी।
राजस्थान में फरवरी के अंतिम सप्ताह में तेज धूप और बढ़ते तापमान ने गर्मी का अहसास बढ़ा दिया है। प्रदेश के पश्चिमी जिलों में अधिकतम तापमान 33 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। लगातार दूसरे दिन अधिकांश क्षेत्रों में पारा 36 डिग्री से ऊपर मापा गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले सप्ताह तक आसमान साफ रहने और धूप तेज होने के कारण तापमान में और वृद्धि हो सकती है।
पिछले 24 घंटों में बाड़मेर में सर्वाधिक 36.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। जैसलमेर, जोधपुर, पाली, बीकानेर, जालोर सहित अन्य पश्चिमी जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहा। दिन में तेज गर्मी के साथ सुबह-शाम की ठंड भी कम महसूस हो रही है। राजधानी जयपुर में न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अन्य जिलों में डूंगरपुर 17.8, प्रतापगढ़ 17.1, चित्तौड़गढ़ और उदयपुर 16.6, जैसलमेर 16.3 तथा जोधपुर 16 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि मार्च की शुरुआत में पारा और बढ़ सकता है, जिससे पूरे प्रदेश में गर्मी का असर और तेज होगा।



