जयपुर, 14 फ़रवरी।
प्रदेश में सर्दी के उतार-चढ़ाव के बीच अगले सप्ताह मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से 17 और 18 फरवरी को जयपुर व बीकानेर संभाग के कुछ जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। इससे पहले प्रदेश में मौसम साफ रहने और तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक आगामी दिनों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी होगी, जिससे दोपहर के समय हल्की गर्मी महसूस होने लगेगी। वहीं सुबह-शाम न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास रहने से हल्की सर्दी का असर बना रहेगा।
पिछले 24 घंटों में शुक्रवार को बाड़मेर जिले में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जो प्रदेश में सर्वाधिक रहा। यहां सामान्य से थोड़ी अधिक गर्मी महसूस की गई। इसके अलावा उदयपुर, जैसलमेर, चित्तौड़गढ़, जोधपुर, डूंगरपुर, जालोर और पाली में भी अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर रहा।
वहीं शेखावाटी अंचल में सुबह-शाम सर्दी का असर अधिक रहा।
फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। सीकर में न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री मापा गया। इसके अलावा चूरू और झुंझुनूं में भी सुबह-शाम ठंडक महसूस की गई।
राजधानी जयपुर में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे गर्म होने लगा है। सुबह तेज धूप खिलने से दिन में गर्मी का अहसास हो रहा है, जबकि रात के समय हल्की ठंड बनी हुई है। प्रदेश के पूर्वी संभाग, ढूंढाड़, मेवाड़, रेगिस्तानी और सरहदी जिलों में भी दिन और रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो गई है।



