जोधपुर, 05 मार्च।
शहर के बोरानाडा क्षेत्र स्थित रिको इलाके में रहने वाले एक युवक से दुबई में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 76 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आठ माह बीत जाने के बाद भी न तो उसे नौकरी दिलाई गई और न ही उसकी रकम लौटाई गई। पीड़ित ने न्यायालय में इस्तगासे के माध्यम से मामला दर्ज कराया है।
बोरानाडा थाना पुलिस के अनुसार मूल रूप से चूरू जिले के हमीरवास निवासी तथा वर्तमान में बोरानाडा स्थित रिको के पीछे रहने वाले मनोहरलाल पुत्र मोहरसिंह प्रजापत ने शिकायत दी है। रिपोर्ट में बताया गया कि उसकी पहचान बाड़मेर जिले के हीरा की ढाणी निवासी खेताराम और शिव क्षेत्र के ठाकराराम से थी। खेताराम ने उसे बताया कि वह दुबई में काम करता है और उसकी भी वहां नौकरी लगवा सकता है। इसके लिए वीजा, टिकट और बीमा के लिए करीब 75 हजार रुपये खर्च होने की बात कही गई।
बताया गया कि पीड़ित मनोहरलाल ने उसके झांसे में आकर पिछले वर्ष 22 जुलाई को 50 हजार रुपये नकद दिए और 20 हजार रुपये गूगल पे के माध्यम से ठाकराराम के खाते में भेज दिए। इसके बाद 3 अक्टूबर को छह हजार रुपये और ऑनलाइन भेजे गए। हालांकि काफी समय बीतने के बावजूद न तो वीजा बनवाया गया और न ही टिकट की व्यवस्था की गई। पैसे वापस मांगने पर आरोपियों द्वारा टालमटोल किया जाता रहा। परेशान होकर पीड़ित ने न्यायालय का सहारा लिया और 76 हजार रुपये की ठगी का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने प्रकरण में जांच शुरू कर दी है।



