शिमला, 10 मार्च।
शिमला में लोक भवन और मंत्री आवास के पास स्थित बिजली विभाग के पावर स्टेशन से चोरी हुए करीब एक लाख रुपये के तांबे का सामान पुलिस ने बरामद कर लिया है। इस मामले में बिहार के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों से चोरी की गई तांबे की तारें, कॉपर बस बार और कॉपर अर्थ वायर सहित पूरा सामान बरामद कर लिया गया है और जांच जारी है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रंजीत उर्फ डैनी निवासी जिला दरभंगा (बिहार), हाल निवासी खलीनी शिमला, सोनू सहानी (29 वर्ष) पुत्र नरेश सहानी, निवासी गांव मुस्तफापुर तहसील हनुमान नगर जिला दरभंगा (बिहार), तथा अजय सहानी उर्फ लनटुन (25 वर्ष) पुत्र उदगार सहानी, निवासी गांव मुस्तफापुर तहसील हनुमान नगर जिला दरभंगा (बिहार) के रूप में की है। दोनों आरोपी फिलहाल शिमला में रह रहे थे।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने घटना को अंजाम देने से पहले इलाके की रेकी की थी। इसके बाद 28 फरवरी की मध्यरात्रि को बिजली स्टेशन में घुसकर तांबे की तारें काट लीं। चोरी के बाद तारों को जंगल के रास्तों से मुख्य सड़क तक लाया गया और वहां रंजीत उर्फ डैनी को बुलाकर सामान उसकी गाड़ी में रखा गया।
जांच के दौरान शुरुआत में एक संदिग्ध के रूप में रंजीत से पूछताछ की गई, लेकिन वह लगातार पुलिस को गुमराह करता रहा। इसके बावजूद पुलिस ने सबूत जुटाए और उसकी गाड़ी से चोरी की तांबे की तारें बरामद कीं। इसके बाद 6 मार्च को उसे गिरफ्तार किया गया। रंजीत से पूछताछ के बाद दो अन्य आरोपियों सोनू और अजय की पहचान हुई।
दोनों आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए कुछ समय तक फरार रहे और भूमिगत हो गए। हालांकि पुलिस की लगातार दबिश के बाद जब वे शिमला से बाहर दिल्ली की ओर भागने की कोशिश कर रहे थे, तो कैथलीघाट के पास उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार इस मामले में चोरी हुआ करीब एक लाख रुपये का तांबा अब पूरी तरह बरामद कर लिया गया है। मामले में जांच जारी है।
दरअसल, 1 मार्च को बिजली विभाग ने छोटा शिमला थाना में शिकायत दर्ज करवाई थी कि लोक भवन और मंत्री आवास के पास बार्न्स कोर्ट क्षेत्र में स्थित पावर स्टेशन से तांबे की तारें चोरी हो गई हैं। शिकायत के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 331(4), 305 और 317(2) के तहत मामला दर्ज किया और विशेष टीम बनाकर जांच शुरू की। तकनीकी जांच और कबाड़ कारोबार से जुड़े लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंची और चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया।



