शिमला, 10 मार्च।
राजधानी शिमला में घर से दो गैस सिलेंडर चोरी होने के मामले को सदर थाना पुलिस ने महज 24 घंटे में सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने इस मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है और उससे पूछताछ जारी है।
यह घटना 9 मार्च को थाना सदर, शिमला में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(अ) और 331(3) के तहत दर्ज की गई थी। शिकायत कृष्णा नगर निवासी पवन कुमार ने दर्ज करवाई थी।
पवन कुमार ने पुलिस को बताया कि वह 5 मार्च को माता वैष्णो देवी मंदिर के दर्शन के लिए अपने परिवार के साथ गए थे। 9 मार्च को घर लौटने पर देखा कि रसोईघर का ताला टूटा हुआ था और दरवाजा खुला पड़ा था। अंदर जाकर देखा तो दो गैस सिलेंडर गायब थे। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मामला दर्ज होने के बाद सदर थाना पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को एक मुखबिर से सूचना मिली कि कृष्णा नगर का ही रहने वाला अनिकेत नामक युवक 7 मार्च को इलाके से गैस सिलेंडर उठाकर लालपानी की तरफ जाते हुए देखा गया था।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने डाउनडेल, रेलवे पार्किंग और पुराने बस स्टैंड के आसपास तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान डाउनडेल क्षेत्र में पुलिस ने अनिकेत को हिरासत में लिया। पूछताछ में वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया और संलिप्तता सामने आने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।



