शिमला, 10 मार्च।
जिला शिमला के चौपाल उपमंडल के नेरवा क्षेत्र में पुलिस ने नाके के दौरान स्कूटी सवार दो युवकों को पकड़कर उनके कब्जे से 268 ग्राम चरस बरामद की है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोनों आरोपी उत्तराखंड के रहने वाले हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार रात थाना नेरवा की टीम फेडजीपुल में नियमित जांच के लिए नाका लगाए हुए थी। इसी दौरान उत्तराखंड नंबर की एक स्कूटी फेडजीपुल की ओर आती हुई दिखाई दी। पुलिस को देखकर स्कूटी सवार दोनों युवक घबरा गए और गुम्मा की तरफ भागने लगे।
पुलिस टीम को संदेह होने पर उनका पीछा किया गया और गुम्मा के पास दोनों को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 268 ग्राम चरस बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों की पहचान सूरज रावत पुत्र वीर सिंह, गांव धोतरी उडरी, तहसील डुंडा, जिला उत्तरकाशी (उत्तराखंड) और शिवम रावत पुत्र संतान सिंह रावत, मकान नंबर 73, गुरु रोड, न्यू बस्ती, पटेल नगर, देहरादून (उत्तराखंड) के रूप में हुई है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वे उत्तराखंड से चरस की खेप लेकर आए थे और इसे स्थानीय युवाओं को बेचने की फिराक में थे।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने कहा कि इस मामले में आगे की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी चरस कहां से लाए और किसे बेचने वाले थे।



