जांजगीर-चांपा, 06 मार्च 2026।
होली के उत्सव के दौरान नाबालिग बच्चों को कोल्ड ड्रिंक में शराब मिलाकर पिलाने के मामले में सिटी कोतवाली जांजगीर पुलिस ने देर रात एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि गांव में साउंड बॉक्स लगाकर नाच-गाना करते समय तीन नाबालिग बच्चों को दबाव बनाकर शराब पिला दी गई, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना 3 मार्च 2026 की रात लगभग 7:30 बजे ग्राम सुकली में हुई। आरोपित सोनू दरवेश (34 वर्ष), निवासी इंदिरा आवास वार्ड नंबर 4 भाटापारा सुकली, अपने घर के सामने साउंड बॉक्स लगाकर होली के मौके पर नाच-गाना कर रहा था। उसी दौरान तीन नाबालिग बच्चे भी वहां डांस करने के लिए पहुंच गए। आरोप है कि सोनू दरवेश ने अपने घर से कोल्ड ड्रिंक की बोतल में शराब मिलाकर तीनों बच्चों को जबरन पिला दी। शराब पीने के बाद बच्चों को नशा हो गया और वे उल्टी करने लगे। परिजन तुरंत उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची और नाबालिग बच्चों व उनके परिजनों से पूछताछ करते हुए मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोप सही पाए जाने पर सोनू दरवेश के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया गया।
मामले की सूचना जिले के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप और सीएसपी कोतवाली योगिता बालिका खापर्डे को दी गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश के बाद सिटी कोतवाली पुलिस की टीम तुरंत ग्राम सुकली पहुंची और आरोपित को उसके घर के पास से पकड़ लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपित शुरुआत में पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ किए जाने पर उसने नाबालिग बच्चों को कोल्ड ड्रिंक में शराब मिलाकर पिलाने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसके कब्जे से शराब की बोतल और डिस्पोजल गिलास भी जब्त किए हैं। आरोपित को विधिवत गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमार सिंह, प्रधान आरक्षक आलोक शर्मा और आरक्षक दिलीप सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



