रांची, 09 मार्च।
राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित स्मार्ट सिटी इलाके में सेना के एक जवान द्वारा कथित तौर पर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस को घटनास्थल से एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है। मृतक की पहचान जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले अमन कुमार के रूप में की गई है। बताया गया है कि अमन भारतीय सेना में कार्यरत थे और वर्तमान में उनकी तैनाती दिल्ली में थी।
इस मामले में मृतक के पिता प्रमोद कुमार और उनकी पत्नी ने घटना को लेकर संदेह जताते हुए हत्या कर इसे आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया है। परिवार के आरोपों के बाद पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
धुर्वा थाना प्रभारी विमल किंडो ने बताया कि अमन कुमार ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।



