रांची, 28 फरवरी।
झारखंड की राजधानी रांची नगर निगम चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवार रोशनी खलखो मेयर निर्वाचित हुई हैं। उन्होंने कांग्रेस समर्थित रमा खलखो को 14,363 मतों के अंतर से पराजित किया। रोशनी खलखो को 1,57,669 मत प्राप्त हुए, जबकि रमा खलखो को 1,43,306 मत मिले। पांच चरणों में हुई मतगणना का अंतिम परिणाम देर रात 12 बजे घोषित किया गया।
रोशनी खलखो ने पहले राउंड से ही बढ़त बनाए रखी, जो अंत तक कायम रही। मेयर पद के लिए कुल 11 प्रत्याशी मैदान में थे, हालांकि मुख्य मुकाबला रोशनी और रमा के बीच ही रहा। अन्य नौ उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई।
जीत के बाद रोशनी खलखो ने इसे जनता की जीत बताया। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों से चुनाव नहीं होने के कारण आम लोगों में निराशा थी और प्रशासनिक तंत्र हावी हो गया था। अब प्राथमिकता जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान पर रहेगी, जिसके लिए विस्तृत रोडमैप तैयार किया गया है।
इधर, राज्य के अन्य नगर निकायों के परिणाम भी घोषित हुए। हजारीबाग नगर निगम में अरविंद कुमार राणा मेयर चुने गए। मानगो नगर निगम में पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता ने भाजपा समर्थित संध्या सिंह को पराजित किया। आदित्यपुर नगर निगम में भाजपा समर्थित संजय सरदार विजयी रहे, जबकि देवघर में झामुमो समर्थित रवि रावत मेयर निर्वाचित हुए।
मेदिनीनगर में भाजपा समर्थित अरुणा शंकर ने कांग्रेस समर्थित नम्रता त्रिपाठी को 3,122 मतों से हराया। धनबाद और चास में भी परिणाम घोषित किए जा रहे हैं, जहां कई प्रत्याशी बढ़त बनाए हुए हैं।
23 फरवरी को झारखंड के 48 नगर निकायों में मतदान हुआ था। विभिन्न नगर परिषद और नगर पंचायतों में भी भाजपा समर्थित तथा निर्दलीय प्रत्याशियों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।
बुंडू नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर जीतेंद्र उरांव ने 4,007 मत प्राप्त कर 809 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। अन्य नगर परिषद और नगर पंचायतों में भी कई प्रत्याशी विजयी घोषित किए गए हैं।



