रांची11 फरवरी।
श्री श्याम संघ के तत्वावधान में 27 फरवरी को अपर बाजार स्थित श्री राधा वल्लभ मंदिर में फाल्गुन सुदी एकादशी के अवसर पर श्रद्धा और उत्साह के साथ फाल्गुन उत्सव आयोजित किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन को लेकर श्याम भक्तों में खासा उत्साह है।
संघ के अध्यक्ष कमलेश संचेती ने बुधवार को जानकारी दी कि सुबह 7 बजे श्री राधा वल्लभ मंदिर से 501 पावन निशानों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए अग्रसेन पथ स्थित श्री श्याम मंदिर पहुंचेगी। वहां विधि-विधान से निशान पूजन कर बाबा श्याम को पवित्र निशान अर्पित किए जाएंगे।
उत्सव को भव्य स्वरूप देने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन की जिम्मेदारी संयोजक विनायक पोद्दार और उप संयोजक आशीष अग्रवाल को सौंपी गई है।
तैयारियों में अनिल लोहिया, हरेंद्र अग्रवाल, संजय सुरेका, सौरभ कटारुका, रूपेश लोहिया और सौरभ बथवाल सहित संघ के अन्य सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन और विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन होगा, जिससे वातावरण भक्तिमय रहेगा।
श्याम भक्तों से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर उत्सव को सफल बनाने की अपील की गई है।



