खूंटी, 27 फरवरी।
खूंटी थाना क्षेत्र के पिपरा टोली में गुरुवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में जीजा-साले की जान चली गई। मृतकों की पहचान बिरहु मोड़ निवासी प्रदीप महतो और रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र स्थित कुली गांव निवासी संदीप प्रजापति के रूप में हुई है।
बताया गया है कि दोनों डोड़मा में आयोजित मुंडन समारोह से स्कूटी से लौट रहे थे। घर से करीब एक किलोमीटर पहले पिपरा टोली के पास उनकी स्कूटी सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर की ट्रॉली से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



