फुनगा (अनूपपुर), 06 मार्च।
मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में फुनगा पुलिस चौकी के सामने स्थित पेट्रोल पंप के पास गुरुवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया। जिला पंचायत सदस्य रामजी ‘रिंकू’ मिश्रा की खड़ी कार को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। घटना के समय मिश्रा कार के अंदर ही बैठे थे। टक्कर लगने से उन्हें मामूली चोटें आईं, जबकि बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार देर रात एक ट्रक तेज गति से आता हुआ पेट्रोल पंप के पास पहुंचा और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। इससे सड़क किनारे खड़ी कार में जोरदार टक्कर लग गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए। हादसे में कार को काफी नुकसान पहुंचा, जबकि जिला पंचायत सदस्य को हल्की चोट आई है। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने हाईवे पर भारी वाहनों की लापरवाही को लेकर नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि रात के समय कई ट्रक चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हैं, जिससे आम लोगों की जान खतरे में पड़ जाती है। नागरिकों ने यातायात विभाग और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि रात में हाईवे पर भारी वाहनों की सख्त जांच की जाए और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।
जिला पंचायत सदस्य ने बताया कि रात अधिक होने के कारण वह ट्रक को ठीक से देख नहीं पाए। घटना के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और उसके बाद शिकायत दर्ज कराई जाएगी। फुनगा पुलिस चौकी प्रभारी सोने सिंह परस्ते ने बताया कि जिला पंचायत सदस्य की ओर से अभी तक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। उन्होंने शुक्रवार को चौकी आकर मामला दर्ज कराने की बात कही है।



