रांची, 18 फरवरी।
झारखंड विधानसभा का बजट सत्र बुधवार को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के अभिभाषण के साथ शुरू हो गया। सत्र के पहले दिन विधानसभा परिसर में राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि यह सत्र राज्य की विकास दिशा तय करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि बजट केवल आय-व्यय का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि विकास की प्राथमिकताओं और नीतियों का मार्गदर्शक दस्तावेज होता है।
सत्र के दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 का तृतीय अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा। वहीं 24 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2026-27 का वार्षिक बजट सदन में रखा जाएगा। अध्यक्ष ने सदस्यों से अनुदान मांगों, कटौती प्रस्तावों और नीतिगत सुझावों पर सार्थक चर्चा करने की अपेक्षा की।
इस बार विधानसभा की कार्यवाही आंशिक रूप से पेपरलेस की गई है। नेशनल ई-विदान एप्लिकेशन (नेवा) परियोजना को लागू किया गया है। हेमंत सोरेन ने 11 फरवरी को नेवा सेवा केंद्र का उद्घाटन किया था। अब शून्यकाल की सूचनाएं ऑनलाइन भेजी जाएंगी और आगे प्रश्नोत्तर व कार्यसूची भी डिजिटल रूप में उपलब्ध होगी।
राज्यपाल के अभिभाषण के साथ बजट सत्र की औपचारिक शुरुआत हो गई। यह सत्र 18 फरवरी से 19 मार्च तक चलेगा और कुल 17 कार्य दिवसों का होगा।



