पूर्व मेदिनीपुर, 18 फरवरी।
पश्चिम बंगाल की सियासत में दल-बदल का दौर जारी है। मयना विधानसभा क्षेत्र के पूर्व तृणमूल विधायक संग्राम दोलाई मंगलवार शाम भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने उन्हें पार्टी का ध्वज सौंपकर औपचारिक रूप से स्वागत किया। इस अवसर पर मयना के विधायक अशोक दिन्दा भी मौजूद रहे। भाजपा में शामिल होने के बाद कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर खुशी जताई।
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि हाल के दिनों में जिले में जिस तरह से दल-बदल की घटनाएं बढ़ी हैं, उससे स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
उल्लेखनीय है कि 13 फरवरी को भाजपा नेता चंदन भट्टाचार्य ने तृणमूल कांग्रेस की सदस्यता ली थी। उन्होंने मयना क्षेत्र के विकास और मत्स्य पालन आधारित अर्थव्यवस्था की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए भाजपा छोड़ने का फैसला किया था। इसके बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि तृणमूल का कोई प्रभावशाली नेता भाजपा में शामिल हो सकता है।
इधर, तृणमूल कांग्रेस ने संग्राम दोलाई के भाजपा में जाने को अधिक महत्व नहीं दिया है। जिला तृणमूल अध्यक्ष सुजीत कुमार राय ने कहा कि दोलाई का लंबे समय से संगठन से संपर्क कम था और उनके जाने से पार्टी पर कोई विशेष असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि मयना क्षेत्र में तृणमूल पहले से अधिक मजबूत स्थिति में है।



