कोलकाता, 07 मार्च 2026।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने धर्मतला के मेट्रो चैनल पर जारी धरना प्रदर्शन के दूसरे दिन केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बंगाल को कमजोर करने का प्रयास किया गया तो दिल्ली की सरकार गिरा दी जाएगी। इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल और गर्मा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा को सावधान रहना चाहिए क्योंकि वोट काटकर बंगाल को विभाजित नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि बंगाल संघर्ष करना जानता है और जरूरत पड़ी तो दिल्ली की सरकार भी गिराई जा सकती है। ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार और भाजपा डराने और धमकाने की राजनीति कर रही है।
उन्होंने कहा कि कई लोगों को पद से हटाने या दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन जनता सब कुछ देख रही है। मुख्यमंत्री ने हाल में राज्यपाल को हटाने के मुद्दे पर भी सवाल उठाए और कहा कि चुनाव से पहले राज्यपाल बदलने का निर्णय समझ से परे है।
ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि दिल्ली में बैठे लोग अहंकार में हैं और सरकार सहयोगी दलों के सहारे चल रही है। उन्होंने खासतौर पर चंद्रबाबू नायडू का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी दया पर सरकार चल रही है। उन्होंने जनता के मुद्दों पर अपनी लड़ाई जारी रखने की बात भी दोहराई।
धरना मंच से बोलते हुए मुख्यमंत्री ने महाराष्ट्र के नेता अजीत पवार का भी उल्लेख किया और कहा कि जिस मामले में उन्होंने पहले निष्पक्ष जांच की मांग की थी, वह अब सही साबित हो रहा है। यह धरना मतदाता सूची संशोधन प्रक्रिया के विरोध में शुरू हुआ है और राजनीतिक गलियारों में इसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


.jpg)
