कटिहार, 06 फरवरी (हि.स.)।
रोशना थाना पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए 4,844.655 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक प्रवीण दास को गिरफ्तार किया गया है।
थानाध्यक्ष रोशना को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि पश्चिम बंगाल के मालदा से एक ट्रक के माध्यम से भारी मात्रा में अवैध शराब रोशना चेक पोस्ट की ओर लाई जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान चलाया, जिसमें संदिग्ध ट्रक से बड़ी खेप में शराब बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी प्रवीण दास (30 वर्ष), पिता श्रपति दास, ग्राम मंगलवाड़ी वार्ड नंबर 09, ओल्ड मालदा (पश्चिम बंगाल) का निवासी है। पुलिस ने शराब से लदे ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
थानाध्यक्ष रोशना ने बताया कि यह कार्रवाई अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का अहम हिस्सा है। उन्होंने कहा कि पुलिस अवैध शराब की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार सख्त कदम उठा रही है। इस सफल कार्रवाई के बाद क्षेत्र में रोशना थाना पुलिस की सराहना की जा रही है।


