झांसी, 10 मार्च।
उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में मऊरानीपुर कोतवाली क्षेत्र में पूर्व पार्षद के बेटे सतीश श्रीवास की हत्या के मामले में पुलिस ने मंगलवार सुबह तड़के बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस ने 20-20 हजार रुपये के तीन इनामी हत्यारोपितों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
सीओ मऊरानीपुर जितेन्द्र सिंह के अनुसार, सात मार्च की शाम मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने सरस्वती शिशु मंदिर के पास सतीश श्रीवास को गोली मारी थी। इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज में सतीश की मौत हो गई। इस घटना के बाद आरोपित फरार हो गए थे और उनके ऊपर 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

मंगलवार को सुबह करीब साढ़े चार बजे पुलिस टीम ग्रामोदय ब्रिज के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हत्याकांड के आरोपी मध्य प्रदेश भागने की फिराक में हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें रोकने की कोशिश की। आरोपितों ने पुलिस पर फायरिंग की, लेकिन जवाबी कार्रवाई में तीनों को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की शिनाख्त महफूज पठान, मेहराज पठान और अर्जुन उर्फ छोटू सोनकर के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से एक 12 बोर का अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस और हत्या में इस्तेमाल यामहा आरएक्स-100 मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ हत्या, पुलिस मुठभेड़ और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



