औरैया, 10 मार्च।
पंचायती राज मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से 11 मार्च 2026 को नई दिल्ली स्थित डॉ. आंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में निर्वाचित महिला पंचायत प्रतिनिधियों का एक दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में औरैया जिले की दो महिला ग्राम प्रधान भाग लेंगी।
जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय औरैया द्वारा जारी पत्र के अनुसार ग्राम पंचायत जगतपुर (अजीतमल) की ग्राम प्रधान साधना सरगम तथा ग्राम पंचायत ककराही (भाग्यनगर) की ग्राम प्रधान रंजना को सम्मेलन में शामिल होने के लिए अधिकृत किया गया है। यह निर्देश निदेशक पंचायतीराज, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के पत्र के अनुपालन में जारी किए गए हैं।
जिला पंचायत राज अधिकारी एस.के. यादव ने दोनों महिला प्रधानों को निर्देश दिया है कि वे 11 मार्च को नई दिल्ली में आयोजित इस सम्मेलन में समय से पहुंचकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
सम्मेलन के दौरान देशभर से आई महिला पंचायत प्रतिनिधियों के साथ पंचायत व्यवस्था को मजबूत बनाने, महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा नेतृत्व क्षमता को सुदृढ़ करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम से जुड़ी किसी भी जानकारी या आवश्यक सहयोग के लिए मेरठ मंडल के कार्यालय सहायक शिव कुमार से संपर्क किया जा सकता है। इस संबंध में सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), खंड विकास अधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी औरैया को भी सूचना देकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।



