औरैया, 07 मार्च।
उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के अयाना थाना क्षेत्र के ग्राम सुगंधा (कटघरा) में शराब के नशे में एक युवक द्वारा पुलिसकर्मियों से अभद्रता और हाथापाई करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीआरवी टीम ने इसकी जानकारी उच्च अधिकारियों को देते हुए कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार पीआरवी पर तैनात हेड कांस्टेबल शिवकिशोर वर्मा अपने होमगार्ड साथी बृजेश कुमार के साथ 6 मार्च की रात ड्यूटी पर थे। रात करीब 10:35 बजे डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि ग्राम सुगंधा (कटघरा) निवासी विशाल ने बताया कि उसका भाई शिवकुमार शराब के नशे में घर में हंगामा कर रहा है और परिवार के लोग परेशान हैं।
सूचना मिलने पर पीआरवी टीम मौके पर पहुंची। वहां शिवकुमार नशे की हालत में उत्पात मचाते हुए मिला। पुलिसकर्मियों ने उसे शांत कराने की कोशिश की, लेकिन वह उनसे गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि इस दौरान उसने एक पुलिसकर्मी से हाथापाई कर दी और उसकी वर्दी भी फाड़ दी।
इसी बीच शिवकुमार की मां त्रिवेणी देवी और भाई विशाल भी वहां पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने भी पुलिसकर्मी के साथ अभद्रता करते हुए हाथापाई की, जिससे सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हुई।
घटना के बाद पुलिसकर्मियों ने अयाना थाने को सूचना दी। आरोप है कि इसके बाद संबंधित लोग पुलिस पर झूठे आरोप लगाने और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
पीड़ित पुलिसकर्मी ने इस संबंध में लिखित शिकायत देकर आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
अयाना थाना प्रभारी जयप्रकाश पाल ने बताया कि मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



