औरैया, 10 मार्च।
उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में फफूंद–ककोर मार्ग पर मंगलवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और चाची गंभीर रूप से घायल हो गईं। दुर्घटना के बाद स्कूल वैन का चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार शरद सोमवार रात अपनी पत्नी और चाची को उद्योग केंद्र छोड़ने गए थे। मंगलवार सुबह लगभग छह बजे ड्यूटी खत्म होने के बाद वह दोनों को बाइक से वापस घर लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान जब वे फफूंद–ककोर मार्ग पर राधा कृष्ण इंटर कॉलेज कटरा के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक निजी स्कूल वैन से उनकी बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि वैन बच्चों को लेने के लिए सल्लाहपुर की ओर जा रही थी।
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार शरद चंद्र उर्फ छोटे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर सवार उनकी पत्नी सोनी और चाची सर्वेश कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद वैन चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
घटना के बाद राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी दिबियापुर भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने शरद चंद्र को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल दोनों महिलाओं को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
बताया गया है कि मृतक शरद चंद्र अपने परिवार का एकमात्र सहारा था और उसके तीन छोटे बच्चे हैं—कुणाल (7 वर्ष), राघव (6 वर्ष) और तान्या (4 वर्ष)। हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायलों का उपचार जारी है और फरार वैन चालक की तलाश की जा रही है।



