औरैया।
प्रयागपुर भट्टा के समीप गुरुवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
गायत्री नगर निवासी रिंकी पाल (पत्नी सुरेंद्र पाल) ग्राम प्रयागपुर में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने आई थीं। गुरुवार सुबह करीब सात बजे वह स्कूटी से अपने घर औरैया लौट रही थीं। इसी दौरान प्रयागपुर भट्टा के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि रिंकी पाल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका के परिवार में पति और दो पुत्र (लगभग 11 और 7 वर्ष) हैं। पति पंजाब में एक पेट्रोल पंप पर कार्यरत हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बच्चों के सिर से मां का साया उठ जाने से मोहल्ले में गहरा शोक व्याप्त है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में ले लिया है। अयाना थाना प्रभारी जयप्रकाश पाल के अनुसार, फरार चालक की तलाश की जा रही है और विधिक कार्रवाई जारी है।



