कांकेर, 02 मार्च।
जिले में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए कांकेर पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। एसपी निखिल राखेचा के निर्देशन में और डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह, डीएसपी (बस्तर फाइटर्स) के पर्यवेक्षण में आरआई दीपक साव की टीम ने जिले के विभिन्न स्थानों पर चेक पोस्ट स्थापित कर शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की।
सोमवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार, कुल 102 वाहन चालकों पर ड्रिंक एण्ड ड्राइव के तहत प्रकरण दर्ज किए गए और न्यायालय ने कुल आठ लाख 20 हजार 900 रुपये का अर्थदंड लगाया। प्रत्येक चालक पर औसतन 10,000 से 15,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। अभियान में नाबालिग चालकों पर विशेष निगरानी रखी गई, उनके अभिभावकों को बुलाकर जागरूक किया गया और यातायात नियमों का पालन करने के लिए मार्गदर्शन दिया गया।
थाना/चौकी एवं यातायात पुलिस द्वारा तेज गति, स्टंटबाजी, मालवाहक वाहनों में अतिरिक्त सवारी, हेलमेट/सीट बेल्ट न पहनना, तीन सवारी करना और नशे में वाहन चलाने जैसे मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इन कार्रवाइयों के परिणामस्वरूप जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी दर्ज की गई है।
कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे की अवस्था में वाहन न चलाएँ, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनें, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग करें, तीन सवारी और स्टंटबाजी से बचें और निर्धारित गति सीमा का पालन करें। पुलिस सड़क सुरक्षा, जन-जागरूकता और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार प्रयासरत है।



