28 फ़रवरी, भागलपुर।
होली पर्व को सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाने के लिए भागलपुर जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाने की तैयारी कर ली है। जिला पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने मद्यनिषेध विभाग और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया है कि त्योहार के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वालों और सार्वजनिक स्थानों पर नशे की हालत में घूमने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। प्रशासन ने ब्रेथ एनलाइजर के माध्यम से विशेष जांच अभियान चलाने का आदेश दिया है।
डीएम ने कहा कि होली जैसे बड़े त्योहारों पर नशे में वाहन चलाने से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों और मुख्य मार्गों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में हर संदिग्ध चालक की अनिवार्य रूप से जांच की जाएगी। यदि कोई व्यक्ति शराब के नशे में पाया जाता है तो उसके खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसमें जुर्माना, वाहन जब्ती और गिरफ्तारी जैसी कार्रवाई शामिल हो सकती है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे होली का त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं। किसी भी प्रकार की हुड़दंग, नशाखोरी या कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले कार्यों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और सड़क दुर्घटनाओं को रोकना है।



