फतेहाबाद, 25 फरवरी।
नशा मुक्त अभियान के तहत फतेहाबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सीआईए टोहाना की टीम ने झारखंड से अफीम की सप्लाई करने आए दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2 किलो 803 ग्राम अफीम बरामद की, जिसकी बाजार कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
सीआईए टोहाना प्रभारी उपनिरीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि बाहरी राज्यों से नशीले पदार्थों की सप्लाई की जा सकती है। इसके बाद पुलिस ने गुप्त निगरानी शुरू की और टोहाना बाइपास नहर पुल पर नाकाबंदी की।
दो युवक पैदल आते दिखाई दिए, जो पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने उन्हें पकड़कर तलाशी ली तो पाया कि उन्होंने अफीम को अपने पैरों में पहने नी-कैप और जूतों के अंदर छिपा रखा था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और नेटवर्क की जांच जारी है।



