सिरसा, 05 फ़रवरी (हि.स.)।
स्थानीय पुलिस ने नशा तस्करों पर कार्रवाई करते हुए सिरसा जिले क्षेत्र से तीन तस्करों को हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। एबीवीटी स्टाफ सिरसा प्रभारी ने गुरुवार को बताया कि पकड़े गए तस्करों की पहचान सिरसा निवासी रवि कुमार, परमजीत सिंह व रानियां निवासी मोनू सिंह के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम गश्त के दौरान गांव पन्नीवालामोटा की तरफ जा रही थी। इसी दौरान पुलिस जब एनएच-9 पंजुआना मोड़ के नजदीक पंहुची तो मोड़ पर खड़ी बाइक के पास दो युवक खड़े दिखाई दिए जो कि पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने दोनों को काबू कर लिया और तलाशी ली तो उनके कब्जे से करीब सात ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपियों के खिलाफ बड़ागुढ़ा थाना में मामला दर्ज किया गया है।
इसके अलावा पुलिस ने रानियां क्षेत्र से मोटरसाइकिल सवार युवक मोनू सिंह को करीब आठ ग्राम हेरोइन सहित काबू किया है। रानियां थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम गश्त के दौरान भगत सिंह स्टेडियम नानूआना रोड रानियां क्षेत्र में मौजूद थी। सामने से बाइक सवार एक नौजवान युवक आता दिखाई दिया जो कि पुलिस टीम को देखकर खिसकने लगा। पुलिस ने शक के आधार पर बाइक सवार युवक को काबू कर तलाशी ली तो उसके कब्जे से हेरोइन बरामद हुई। उन्होंने बताया कि तस्कर के खिलाफ रानियां थाना में मामला दर्ज किया गया है।



