मालदा, 03 मार्च 2026।
मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान में मालदा पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने मणिपुर से ब्राउन शुगर तैयार करने के कच्चे माल की आपूर्ति करने वाले गिरोह के मुख्य आरोपित को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत बनर्जी ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि मामले की जांच कोलकाता में एक ड्रग तस्कर की गिरफ्तारी के बाद शुरू हुई थी। पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर गोवा से चार अन्य आरोपितों को भी पकड़ा गया।
जांच के दौरान सामने आया कि इम्फाल हवाई अड्डे से विमान के माध्यम से ब्राउन शुगर बनाने का कच्चा माल कोलकाता भेजा जाता था। बैंक लेनदेन की पड़ताल के बाद एक मार्च को इम्फाल पुलिस के सहयोग से मणिपुर से गिरोह के मुख्य आपूर्तिकर्ता को गिरफ्तार किया गया।
प्रारंभिक जांच में यह आशंका भी जताई गई है कि मादक पदार्थों से जुड़ा सामान पड़ोसी देश म्यांमार से आ रहा था, जिससे इस मामले के अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन होने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपित को ट्रांजिट रिमांड पर मालदा लाकर मंगलवार को जिला अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने आगे की जांच के लिए उसे दस दिन की पुलिस हिरासत में लेने की मांग की है।


